Site icon 24 News Update

ई-लॉटरी से सजे सपनों के प्लॉट, यूडीए की तीन योजनाओं में 1109 आवासीय भूखंड आवंटित

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उदयपुर में अपने आशियाने का सपना संजोए बैठे हजारों लोगों का इंतजार आखिरकार बुधवार को खत्म हुआ। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की तीन महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं में कुल 1109 प्लॉट के आवंटन के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई और सफल आवेदकों की सूची सार्वजनिक कर दी गई।
शहर के बलीचा क्षेत्र में दक्षिण विस्तार योजना स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूरी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से अंजाम दिया गया। लॉटरी कार्यक्रम में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने औपचारिक रूप से ई-लॉटरी का शुभारंभ किया। उनके साथ उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, पूर्व विधायक वंदना मीणा और पूर्व यूआईटी चेयरमैन रविंद्र श्रीमाली भी मौजूद रहे।
लॉटरी स्थल पर सुबह से ही आवेदकों की भीड़ जुटने लगी थी। जैसे-जैसे स्क्रीन पर नाम सामने आते गए, लोग अपने-अपने नाम खोजते नजर आए। सफल आवेदकों की सूची मौके पर ही प्रिंट कर तुरंत चस्पा कर दी गई, जिससे किसी भी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि यह ई-लॉटरी उद्यम विहार (कलड़वास), साउथ एक्सटेंशन सेक्टर-ए (सविना खेड़ा) और नांदेश्वर एन्क्लेव (नोहरा) योजनाओं के लिए आयोजित की गई। पूरी प्रक्रिया एल्गोरिदम आधारित सॉफ्टवेयर से की गई, जिसमें कलेक्टर द्वारा नामित प्रतिनिधि, प्राधिकरण अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, ताकि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।
यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर ने बताया कि कैटेगरी वाइज लॉटरी प्रक्रिया उपायुक्त शैलेष खेरवा की देखरेख में संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया कि लॉटरी संपन्न होने के बाद सफल आवेदकों की अंतिम सूची और प्रतीक्षा सूची यूडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, दस्तावेज सत्यापन का विस्तृत शेड्यूल भी अलग से वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

Exit mobile version