24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीते 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है, जिसमें चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान सबसे अधिक गंगानगर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान अलवर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आर्द्रता का स्तर 55 से 90 प्रतिशत के बीच रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन, आंधी (40-50 किमी प्रति घंटा) और बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश और मेघगर्जन की संभावना है।
आगामी 2-3 दिनों तक राज्य के दक्षिणी, पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। इसके बाद 12-13 मई से इन गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
विशेष चेतावनी के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिनों तक हीटवेव की कोई संभावना नहीं है और तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन मौसमीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें और आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
डूंगला में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश, शीतल पछुआ हवाओं का कूलर 5 दिन और चलेगा, उदयपुर में आज भी आंधी-बारिश की चेतावनी

Advertisements
