24 न्यूज अपडेट, डूंगरपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 7.45 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें उस पर लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।
थानाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि शहर में इन दिनों मस्तान बाबा का उर्स चल रहा है, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस टीम तैनात थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक की जेब से 7.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में युवक की पहचान लालपुरा निवासी साहिल खान के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी ब्राउन शुगर तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उर्स जैसे आयोजनों के दौरान भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई भी तस्कर या असामाजिक तत्व कानून के दायरे से बाहर न रह सके।

