सागवाड़ा, 2 मई (जयदीप जोशी)। नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी एवं तहसीलदार डॉ. रमेश चन्द्र वडेरा ने शुक्रवार को नगर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वडेरा ने मार्ग किनारे स्थित दुकानों का अवलोकन कर व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपनी दुकान पर कचरा पात्र (डस्टबिन) अनिवार्य रूप से रखें, जिससे कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित हो सके और शहर की स्वच्छता बनी रहे।
डॉ. वडेरा ने व्यापारियों को समझाइश देते हुए कहा कि खुले में कचरा फेंकना न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने सभी व्यापारियों से नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्वच्छता नियमों का पालन करने और प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे को निर्धारित कचरा पात्र में डालने की अपील की।
इस दौरान नगर पालिका के सफाई निरीक्षक अक्षय सेवक एवं निलेश पाटीदार भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने मौके पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की।
अधिशाषी अधिकारी डॉ. रमेश चन्द्र वडेरा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी दुकान पर कचरा पात्र नहीं पाया गया या सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने समस्त व्यापारियों एवं नागरिकों से “स्वच्छ सागवाड़ा, सुंदर सागवाड़ा” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

