24 News Update उदयपुर। रेलवे ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब रेलवन ऐप के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर अनारक्षित टिकट लेने पर यात्रियों को सीधे 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा 14 जनवरी 2026 से आगामी छह माह के लिए प्रायोगिक तौर पर लागू की जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, यह निर्णय रेल मंत्रालय द्वारा लिया गया है ताकि अधिक से अधिक यात्री डिजिटल माध्यमों से टिकट बुकिंग के लिए प्रेरित हों। नई व्यवस्था के तहत रेलवन ऐप पर सभी डिजिटल भुगतान विकल्पों—जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि—से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की सीधी छूट दी जाएगी।
हालांकि, आर-वॉलेट के माध्यम से टिकट बुक करने की मौजूदा प्रणाली में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आर-वॉलेट से अनारक्षित टिकट लेने पर पहले की तरह ही 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा जारी रहेगी। नई छूट व्यवस्था आर-वॉलेट को छोड़कर अन्य सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू होगी।
रेलवे के अनुसार यह छूट योजना 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान योजना के प्रभाव और यात्रियों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा। इसके बाद सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) द्वारा समीक्षा कर आगे की नीति पर निर्णय लिया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को त्वरित व सुविधाजनक सेवा का लाभ मिलेगा।
रेल यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग पर राहत, रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट पर 3% सीधी छूट

Advertisements
