Site icon 24 News Update

डीएफओ और रेंजर एपीओ: वन मंत्री के निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई

Advertisements

24 News update उदयपुर। प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा के हालिया उदयपुर प्रवास के दौरान सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के औचक निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं के चलते उदयपुर के उप वन संरक्षक (DFO) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) आर.एस. राठौड़ को एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया गया है। इस संबंध में आदेश शुक्रवार देर शाम वन विभाग के शासन उप सचिव अशोक कुमार योगी द्वारा जारी किए गए।

आदेश के अनुसार, वन मंत्री ने 22 अप्रैल को सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान मंत्री को हाजिरी रजिस्टर में कर्मचारियों के हस्ताक्षर नहीं मिले, जिस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा था।

वन मंत्री की नाराजगी के बाद उप वन संरक्षक और रेंजर को अपनी उपस्थिति प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, जयपुर में देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें फिलहाल एपीओ रखा गया है, यानी नई नियुक्ति के आदेश तक वे कार्यभार ग्रहण नहीं कर सकेंगे।

गौरतलब है कि मंत्री संजय शर्मा ने निरीक्षण के समय पार्क की अव्यवस्थित स्थिति, कर्मचारियों की अनुशासनहीनता और बायोलॉजिकल पार्क की देखरेख में लापरवाही पर असंतोष जताया था। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे, परंतु संतोषजनक सुधार नहीं होने पर अब यह सख्त कदम उठाया गया है।

Exit mobile version