24 News Update उदयपुर। दिया कुमारी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर उदयपुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (यूसीसीआई) मीटिंग हॉल में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न बजट घोषणाओं, सड़क निर्माण कार्यों, पर्यटन विकास योजनाओं और आंगनबाड़ी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सड़क निर्माण कार्यों की धीमी गति पर जताई नाराजगी
सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान दिया कुमारी ने उदयपुर संभाग की कई परियोजनाओं में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्यधिक जरूरी सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। बैठक में अटल प्रगति पथ, मिसिंग लिंक और नॉन-पेचेबल सड़कों सहित विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। साथ ही अलग-अलग पीडब्ल्यूडी सर्कल और राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति और क्षतिग्रस्त मार्गों को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया।
आंगनबाड़ी और पोषण योजनाओं पर फोकस
उपमुख्यमंत्री ने समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के तहत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। इस दौरान पोषण ट्रैकर, एफआरएस, आंगनबाड़ी केंद्रों के नवीनीकरण और नए केंद्रों की स्थापना की प्रगति पर चर्चा की गई। दिया कुमारी ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास और न्यूट्री किट वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं और बच्चों को बेहतर पोषण सुविधाएं मिल सकें।
पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा
पर्यटन विभाग की बैठक में महाराणा प्रताप टूरिज्म सर्किट सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी ऐतिहासिक या धरोहर स्थल के विकास और पुनर्निर्माण कार्य में संरक्षण विशेषज्ञों की राय अवश्य ली जाए। उन्होंने जावर माता को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के कार्यों की भी समीक्षा की और पर्यटकों की सुविधा के लिए चयनित स्थलों पर क्यूआर कोड के माध्यम से ऐतिहासिक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तय समय में पूरे हों कार्य
दिया कुमारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बजट घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर उन्हें तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में महिमा कुमारी मेवाड़, विश्वराज सिंह मेवाड़, फूलसिंह मीणा, प्रताप गमेती, जितेंद्र ओझा सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, आईसीडीएस, महिला अधिकारिता और पर्यटन विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

