24 News Update उदयपुर। शहर में गुरुवार को परमानेंट नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य चिकित्सा भर्तियों में मेरिट बोनस अंक 10, 20 और 30 के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर संविदा, निविदा और अस्थायी नर्सेज व पैरामेडिकल कार्मिकों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। आरएनटी मेडिकल कॉलेज एवं महाराणा भूपाल सामान्य चिकित्सालय (एमबीजीएच) परिसर स्थित गार्डन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान नर्सेज व अन्य कार्मिकों ने अपने खून से मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री के नाम 1000 से अधिक पोस्टकार्ड लिखकर डाक के माध्यम से भेजे।
इस प्रदर्शन में यूटीबी, संविदा व निविदा नर्सेज, आरएमआरएस एवं 108 एम्बुलेंस नर्सेज, एएनएम, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट सहित बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्र डामोर ने बताया कि इसी तरह का विरोध प्रदेश के सभी 41 जिलों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 1995 के नियमों में बिना संशोधन किए पूर्व की भांति राजस्थान चिकित्सा नियम 1965 के तहत मेरिट एवं अनुभव बोनस अंक 10, 20, 30 के आधार पर भर्ती विज्ञापन जारी करे। इसके तहत नर्सेज के करीब 12 हजार और पैरामेडिकल के लगभग 7 हजार पदों पर स्थायी भर्ती की मांग की जा रही है। डामोर ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश सरकारी अस्पताल नर्सेज की भारी कमी से जूझ रहे हैं, जिसका सीधा असर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर हजारों प्रशिक्षित नर्सेज और पैरामेडिकल युवा बेरोजगार हैं। संविदा, निविदा और अस्थायी आधार पर कार्यरत नर्सेज कई वर्षों से अल्प वेतन पर सेवाएं दे रहे हैं और लंबे समय से पढ़ाई से दूर रहने के कारण उन्हें अनुभव आधारित मेरिट बोनस के साथ स्थायी भर्ती का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बजट घोषणा के अनुरूप स्थायी भर्ती प्रक्रिया धरातल पर शुरू नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। यदि सरकार शीघ्र भर्ती विज्ञापन जारी नहीं करती है तो जयपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान उपाध्यक्ष अजय खराड़ी, महासचिव अमन सक्सैना, कोषाध्यक्ष दिव्यांशु सालवी सहित दिनेश अहीर, नीलम दुर्गा डागी, उर्मिला, भावना गमेती एवं बड़ी संख्या में संविदा-निविदा कार्मिक मौजूद रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.