24 news Update उदयपुर। सहेलियों की बाड़ी के बाहर से हटाए गए ठेला व्यवसायियों को पुनः व्यवसाय करने की अनुमति देने की मांग को लेकर ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर, उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) के आयुक्त तथा नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन के संरक्षक एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि 23 मार्च 2026 को सहेलियों की बाड़ी क्षेत्र से 16 ठेला व्यवसायियों को हटाया गया, जबकि इनमें से पांच के ठेले जब्त कर लिए गए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ये सभी व्यवसायी पिछले 15 से 20 वर्षों से सहेलियों की बाड़ी मुख्य मार्ग पर पावभाजी, चाय-नाश्ता, गन्ने का रस, कुल्फी-आइसक्रीम, पानी-पताशे, हैंडीक्राफ्ट और मूर्ति विक्रय जैसे कार्यों से अपनी आजीविका चला रहे थे। इनके पास नगर निगम द्वारा जारी विक्रय प्रमाण पत्र होने के साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना के अंतर्गत किए गए सर्वे में भी नाम दर्ज है, जिससे वे पथ विक्रेता अधिनियम, 2014 के तहत वैध रूप से व्यवसाय कर रहे थे।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार 23 मार्च को दोपहर में उदयपुर विकास प्राधिकरण की अतिक्रमण हटाओ टीम मौके पर पहुंची और सभी को तत्काल ठेले हटाने के निर्देश दिए। व्यवसायियों द्वारा दस्तावेज दिखाने के बावजूद कार्रवाई की गई और पांच ठेले जब्त कर लिए गए। साथ ही पुनः वहां व्यवसाय करने पर चेतावनी भी दी गई।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि सभी ठेला व्यवसायियों को पूर्ववत् स्थान पर व्यवसाय करने की अनुमति दी जाए तथा जब्त ठेले तत्काल छोड़े जाएं, ताकि उनका रोजगार पुनः शुरू हो सके।
सहेलियों की बाड़ी के बाहर से हटाए ठेला व्यवसायियों को पुनः स्थान देने की मांग

Advertisements
