24 न्यूज अपडेट. भीलवाड़ा। राजस्थानी सिंगर राजू रावल पर गुरुवार की रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी आंख और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने पर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने इस मामले में 3 युवकों को हिरासत में लिया है। राजू रावल के अनुसार, वह एक फंक्शन अटेंड करने के बाद आसींद से नेगडिया की ओर जा रहे थे। रास्ते में नदी के पास एक ट्रैक्टर खड़ा था। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से ट्रैक्टर को थोड़ा साइड में करने के लिए कहा। इसी दौरान एक घर से कुछ लोग बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने ट्रैक्टर हटाने से इनकार कर दिया और विवाद बढ़ने पर सरिए और लाठियों से हमला कर दिया। राजू ने बताया कि उनके साथ दो-तीन दोस्त भी थे, और ऐसा लगा जैसे हमलावरों को उनसे कोई पुरानी रंजिश थी। इस हमले में उनकी आंख और सिर पर चोटें आईं, साथ ही उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाया गया।
थाने में हंगामा और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस बीच, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और राजू रावल के समर्थक थाने पर इकट्ठा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आसींद के डिप्टी एसपी ओम प्रकाश ने बताया कि नेगडिया रोड पर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान दूसरे पक्ष के आरोपियों ने सिंगर राजू रावल और उनके साथियों पर हमला कर दिया। पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज कर प्रार्थी का मेडिकल करवाया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
डिप्टी एसपी ने लोगों से आग्रह किया कि वे घटना से संबंधित किसी भी प्रकार का भ्रामक प्रचार सोशल मीडिया पर न करें और न ही किसी अफवाह के झांसे में आएं। राजू रावल एक प्रसिद्ध राजस्थानी सिंगर हैं। उनका ’तेजल सुपर डूपर’ सॉन्ग विधानसभा चुनाव के दौरान काफ़ी लोकप्रिय हुआ था, जिस पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गमछा डांस किया था। इसके अलावा भी राजू रावल के कई गाने सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आए हैं।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.