Site icon 24 News Update

सिंधी होली कप-4 में क्रिकेट का रंग चढ़ा परवान: क्वार्टर फाइनल में छाए ‘डी गैजेट हब’ और ‘सपरा इंटरप्राइजेज’, सेमीफाइनल लाइनअप तय

Advertisements

24 News Update उदयपुर। सिंधी युवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित ‘सिंधी होली कप सीजन-4’ अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के तीसरे दिन मैदान पर रोमांच अपने चरम पर रहा, जहां छक्कों-चौकों की गूंज के बीच चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजन समिति के भारत छाबड़ा ने बताया कि तीसरे दिन की शुरुआत ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले से हुई, जिसके बाद लगातार चार क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। हर मुकाबला अपने आप में रोमांच से भरपूर रहा और अंत तक परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी रही।

ग्रुप मैच में आरके ट्रेडर्स की जीत
दिन के पहले मुकाबले में आरके ट्रेडर्स और राजू कैसेट आमने-सामने हुए। आरके ट्रेडर्स ने संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए 17 रनों से जीत दर्ज की। इस मैच में भावेश रगुनी के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। पहले क्वार्टर फाइनल में 24 न्यूज ने मोहन ट्रेडिंग कंपनी को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। राजा वाधवानी इस जीत के हीरो रहे। दूसरे क्वार्टर फाइनल में शुभ लक्ष्मी मार्बल ने फ्रेंज़ी ग्रुप को 8 विकेट से मात दी। नितिन नेभनानी के दमदार खेल ने टीम को जीत दिलाई। तीसरे क्वार्टर फाइनल में डी गैजेट हब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरके ट्रेडर्स को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नितिन सोभवानी को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल में सपरा इंटरप्राइजेज ने कड़े मुकाबले में श्री हरदेव को 5 विकेट से हराया। इस मैच में सुमित रामनानी ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।

सेमीफाइनल में पहुंचीं ये टीमें
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद 24 न्यूज, शुभ लक्ष्मी मार्बल, डी गैजेट हब और सपरा इंटरप्राइजेज ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब इन टीमों के बीच खिताबी जंग और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। संगठन के आशीष सिधवानी ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान समाज और राजनीति के कई गणमान्य व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें गजेंद्र भंडारी (पूर्व जिला मंत्री, भाजपा), मोहन गुर्जर (पूर्व पार्षद), मुरली राजानी (अध्यक्ष, हिरण मगरी पंचायत), ओमप्रकाश तलदार (महासचिव), बसंत पंजवानी (उपाध्यक्ष), गिरीश राजानी (संस्थापक, झूलेलाल युवा संघ), विक्की राजपाल (उपाध्यक्ष, प्रतापनगर पंचायत) और समाजसेवी मनीष गुरानी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Exit mobile version