Site icon 24 News Update

‘संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 4 मई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” जन-जागरण अभियान के तहत उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने की। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने तथा ग्राम पंचायत एवं वार्ड इकाइयों के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में ग्राम पंचायत अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूर्ण कर उसकी रिपोर्ट तय समय सीमा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत एवं वार्ड इकाइयों में सर्वसम्मति से अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का गठन किया जाना है। सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारी वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करें।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से पार्टी आमजन तक पहुंच बनाकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त उदयपुर ग्रामीण विधानसभा प्रभारी अरविंद डामोर का स्वागत भी किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन विस्तार के कार्य में जुटने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. कल्याण सिंह राव, भंवर लाल गुर्जर, डॉ. कौशल नागदा, श्याम लाल आमेटा, मधु सालवी, डॉ. संजीव राजपुरोहित, जमना लाल शर्मा, किशन वाधवानी, राजेश मेनारिया, शिव लाल गुर्जर, रमेश पटेल, सौरभ शर्मा, ललित गुर्जर, प्रवीण सालवी, रोशन लाल गौड़, शंकर लाल मीणा, जग्गू राम मीणा और हेमंत मईड़ा सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version