“सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी” थीम के साथ रेलवे बोर्ड में ईमानदारी की शपथ
24 News Update नई दिल्ली, 27 अक्टूबर। रेल मंत्रालय ने सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 (27 अक्टूबर से 2 नवंबर) की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर की गई।
इस वर्ष का विषय “सतर्कता: हमारी साझा ज़िम्मेदारी” रखा गया है, जो शासन में नैतिक आचरण, पारदर्शिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देता है।
शपथ समारोह में मंत्रालय के विभिन्न निदेशालयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी प्रत्यक्ष एवं आभासी रूप से शामिल हुए।
अपने संबोधन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि सतर्कता सुशासन की आत्मा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था में ईमानदारी, दक्षता और जनसेवा के मूल्यों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे ने पारदर्शिता बढ़ाने और कदाचार की संभावना घटाने के लिए कई डिजिटल और प्रणालीगत सुधार लागू किए हैं।
रेलवे बोर्ड का सतर्कता निदेशालय इस सप्ताह के दौरान सेमिनार, कार्यशालाएं, पोस्टर अभियान और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित करेगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोक प्रशासन में निवारक सतर्कता, नैतिकता और जवाबदेही की भावना को बढ़ावा देना है।
रेल मंत्रालय यह सप्ताह केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) द्वारा घोषित राष्ट्रव्यापी सतर्कता जागरूकता अभियान के अनुरूप मना रहा है, जिसका लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जिम्मेदार शासन व्यवस्था का निर्माण है।

