24 News Update उदयपुर | सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर की ओर से आज ग्राम लखावली में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान विषय पर जागरूकता कार्यक्रम एवं मिनी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के क्षेत्रीय प्रचार सहायक रवि कुमार योगी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे है अभियान “हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान” के बारे में विस्तृत जानकारी दी । उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देश के संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संविधान दिवस 26 नवंबर, 2024 से वर्ष भर चलने वाले ऐतिहासिक समारोह की शुरुआत की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान ” अभियान का उद्देश्य संविधान में निहित मूल मूल्यों को दोहराते हुए संविधान के निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को “Constitution At 75 “ वेबसाइट के बारे में जानकारी देते हुए बताया की इस वेबसाइट पर जाकर आमजन संविधान से जुडी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते है ।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ लेने के प्रावधान, पात्रता व अनुदान के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान दी गई जानकारी के आधार पर उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच मौखिक प्रशनोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई । प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरूस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखावली के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

