Site icon 24 News Update

केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली का आयोजन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर द्वारा आज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पानेरियों की मादडी, ब्लाक गिर्वा, जिला उदयपुर में हर घर तिरंगा, हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान, पर संगोष्ठी, मौखिक संदेश, प्रदर्शनी एवं रैली के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू श्रीमाली ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों के भीतर देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और जन भागीदारी के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मनाना है | उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा पहल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति की गहरी भावना जगाना और आमजन में हमारे राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में अधिक समझ विकसित करना है। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह भी किया |

इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक रवि कुमार योगी ने बताया कि इस वर्ष भारत सरकार हर घर तिरंगा अभियान का चौथा संस्करण मना रही है जिसके लिए अब तक 5 लाख से अधिक युवाओं ने स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण करवाया है | ये युवा, आम जन को तिरंगा अभियान के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने का कार्य करेंगे | उन्होंने कहा की यह एक भावनात्मक आन्दोलन है जो सभी देशवासियों को राष्ट्रिय ध्वज के शाश्वत रंगों के तले एकजुट करता है |

उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हमारा-संविधान, हमारा-स्वाभिमान, के बारे में भी जानकारी प्रदान करते हुए संविधान के महत्व एवं भारत सरकार द्वारा वर्ष पर्यंत चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्राचार्या श्रीमती अंजना व्यास ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा की तिरंगा घर लाना न केवल व्यक्तिगत जुड़ाव की अभिव्यक्ति है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी साझा जिम्मेदारी को भी दर्शाता है | उन्होंने सभी विद्यार्थियों से भारतीय ध्वज संहिता 2002 का पालन करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया |

इस दौरान विद्यार्थियों के बीच देशभक्ति गीत एवं कविता पाठ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई तथा विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया |

कार्यक्रम के अंत में तिरंगा रैली का आयोजन भी किया गया |

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पीटीआई श्री लक्ष्मीनारायण, लैब सहायक श्रीमती भावना सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहें |

Exit mobile version