24 News Update डूंगरपुर। शहर के सोनिया चौक स्थित नगर कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीलाल जैन काका के घर हुई चोरी की वारदात का खुलासा कोतवाली थाना पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने घर से 50 हजार रुपए नकद चुराने की वारदात को कबूल भी कर लिया है।
कोतवाली थानाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को जैन अपने कामकाज के सिलसिले में सुबह घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोर ने सुनसान घर को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। जब रात को नौकर घर पर आया तो उसने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और अलमारियों में तोड़फोड़ पड़ी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें आरोपी स्पष्ट तौर पर नजर आया। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी शाहरुख उर्फ चिंटू (33) पुत्र अब्दुल रज्जाक खान मुसलमान, निवासी लालपुरा कॉलोनी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। फिलहाल पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी की रकम कहाँ खर्च की गई और क्या अन्य वारदातों में भी उसकी संलिप्तता रही है।
सीसीटीवी ने खोला राज: कांग्रेस अध्यक्ष के घर चोरी करने वाला आरोपी शाहरुख उर्फ चिंटू गिरफ्तार

Advertisements
