Site icon 24 News Update

सीबीएसई नेशनल शतरंज चैम्पियनशिप 2025-26 : एमडीएस की कियाना परिहार ने किया मेवाड़ का नाम रोशन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। एमडीएस पब्लिक स्कूल, उदयपुर में चल रही सीबीएसई नेशनल शतरंज चैम्पियनशिप 2025-26 ने बुधवार को रोमांच और उत्साह की नई ऊँचाइयाँ छू लीं। व्यक्तिगत वर्ग में देश-विदेश से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी चालों से ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए। प्रतियोगिता के दौरान हर आयु वर्ग में अद्भुत रणनीति और खेल भावना देखने को मिली।

अंडर-11 वर्ग
मिक्स वर्ग में वेलाम्मल विद्यालय, अलप्पाकम के कृथिक मुथुकुमार ने जीत दर्ज की। इंडियन स्कूल, बौशर के इलान शफीक और डीपीएस सेक्टर-45, गुरुग्राम के कविश अग्रवाल ने भी शानदार खेल दिखाया।
गर्ल्स वर्ग में इंडियन स्कूल, बौशर की मार्कसिम कार्की अबिरामी श्रीयुक्ता विजेता रहीं। गुरुग्राम की वन्या अग्रवाल और बाल भारती पब्लिक स्कूल, पीतमपुरा की आराधवी मित्तल ने भी अपनी प्रतिभा साबित की।

अंडर-14 वर्ग
मिक्स वर्ग में संगमित्रा स्कूल के पवन कार्तिकेय वर्मा गुंटूरी विजेता बने। एमईएस इंडियन स्कूल, दोहा के जोहान जोब्सी और डीपीएस गुरुग्राम के प्रथम् नायर ने भी दमदार प्रदर्शन किया।
गर्ल्स वर्ग में इंडियन स्कूल, बौशर की स्तुति नायक ने बाज़ी मारी। इसी वर्ग में एमडीएस उदयपुर की छात्रा कियाना परिहार का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। कठिन मुकाबलों में कियाना ने अपनी बुद्धिमत्ता और रणनीति से सभी को प्रभावित किया और शीर्ष स्थान तक पहुँचने के बेहद करीब रहीं। उनके खेल ने मेवाड़ का गौरव बढ़ाया।

अंडर-17 वर्ग
मिक्स वर्ग में डीपीएस मॉडर्न इंडियन स्कूल, दोहा के सैयद अब्दुल ख़ादेर विजेता रहे। उनके साथ वेलाम्मल विद्यालय, अलप्पाकम के माधेश कुमार एस और सनबीम स्कूल, वाराणसी के अजय संदीश पर्वतरेड्डी ने भी सराहनीय खेल दिखाया।
गर्ल्स वर्ग में वेलाम्मल विद्यालय, मेल अयनाबक्कम की श्रावणिका ए.एस. विजेता रहीं। जेम्स अवर ओन इंग्लिश हाई स्कूल की यसस्वी कृष्णा बोम्मी और इंडियन स्कूल, अल घुबरा की प्रियंका राजन ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

अंडर-19 वर्ग
मिक्स वर्ग में इंडियन स्कूल, अल सीब के वेलावा राघवेश ने खिताब जीता। वेलाम्मल विद्यालय, अलप्पाकम के मृत्युञ्जय महादेवन और इंडियन स्कूल, मस्कट के शौर्य दिनेश सावलानी ने भी अपनी चालों से प्रभावित किया।
गर्ल्स वर्ग में इंडियन स्कूल, मस्कट की शैबी बिनोज विजेता रहीं। वेलाम्मल विद्यालय, अलप्पाकम की अमूल्या गुरुप्रसाद और एसएजे स्कूल, वसुंधरा, ग़ाज़ियाबाद की आरात्रिका त्यागी ने भी उम्दा प्रदर्शन किया।

एमडीएस का गौरव
विद्यालय के निदेशक डॉ. शैलेंद्र सोमानी ने बताया कि मेज़बान विद्यालय एमडीएस पब्लिक स्कूल की छात्रा कियाना परिहार ने अपनी संघर्षशीलता और बुद्धिमत्ता से उदयपुर और विद्यालय दोनों का मान बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने कियाना की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का संगम
पूरे आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह और समर्पण देखने योग्य रहा। हर मुकाबले ने खेल भावना, रणनीति और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। एमडीएस पब्लिक स्कूल, उदयपुर का यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच दे रहा है बल्कि भारतीय शतरंज के भविष्य को नई दिशा भी प्रदान कर रहा है।

Exit mobile version