Site icon 24 News Update

नकलची को पकड़ाओ, लखपति बन जाओ!!! एसआई भर्ती के दौरान मौका!!! एसओजी और राजस्थान पुलिस चौकस

Advertisements

उदयपुर। राजस्थान पुलिस की बहुचर्चित सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा को लेकर इस बार सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। 5 और 6 अप्रैल 2026 को होने वाली इस परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और पुलिस ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है। खास बात यह है कि अब नकल या पेपर लीक की सूचना देने वाला भी खाली हाथ नहीं जाएगा—पुख्ता जानकारी देने पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उदयपुर में भी आज यह महत्वपूर्ण् सूचना सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जारी की गई है और लगभग सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस स्टेटस पर भी जगह दी है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले भर्ती विवादों से सबक लेते हुए इस बार ब्लूटूथ डिवाइस, डमी कैंडिडेट और पेपर लीक जैसे नेटवर्क पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना एसओजी के व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

भर्ती और परीक्षा का शेड्यूल
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यह परीक्षा 5 और 6 अप्रैल को दो दिन में होगी। इस भर्ती के तहत कुल 1015 पद भरे जाएंगे। एडमिट कार्ड जारी हो चुके हैं, जिन्हें अभ्यर्थी recruitment.rajasthan.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों के लिए सख्त गाइडलाइन
परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। समय से पहले केंद्र पर पहुंचना जरूरी होगा, क्योंकि तय समय के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
इधर, उप निरीक्षक (दूरसंचार) संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2024 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से sso.rajasthan.gov.in पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, मूल आधार कार्ड व उसकी कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा कोई अन्य वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा।

Exit mobile version