उदयपुर, 27 अप्रैल। मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान द्वारा भूपाल नोबल्स विद्या प्रचारिणी सभा प्रकरण को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब 3 घंटे चली इस बैठक में गौरव श्रीवास्तव (आईजी), डॉ. अमृता दुहन (एसपी), उमेश ओझा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), गौरव अग्रवाल (जिला कलेक्टर), जितेन्द्र ओझा (अतिरिक्त कलेक्टर) एवं जतीन गांधी (देवस्थान उपायुक्त) शामिल रहे।
बैठक में प्रशासन ने मामले के समाधान के लिए 2 दिन का समय मांगा और सकारात्मक रास्ता निकालने का मौखिक आश्वासन दिया। इसके चलते 28 अप्रैल को प्रस्तावित कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है तथा भूपाल नोबल्स परिसर में एकत्रित नहीं होने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में एड-हॉक कमेटी के सदस्य डॉ. दरियाव सिंह, देवेंद्र सिंह, नकुल सिंह, दिलीप सिंह एवं प्रताप सिंह तलावड़ा उपस्थित रहे। वहीं महासभा की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष बालू सिंह कानावत और शहर अध्यक्ष डॉ. पृथ्वी राज सिंह चौहान की मध्यस्थता में वार्ता आगे बढ़ी।
महासभा ने बताया कि प्रशासन ने “महाराणा के सम्मान और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य” को ध्यान में रखते हुए गंभीरता दिखाई है और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है। संगठन ने सभी समाजबंधुओं से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा अगला निर्णय प्रशासनिक जवाब के बाद घोषित किया जाएगा।
इससे पूर्व महासभा ने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर न्यायालय के आदेशानुसार भूपाल नोबल्स विद्या प्रचारिणी सभा का भौतिक कब्जा एड-हॉक कमेटी को दिलाने की मांग करते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

