Site icon 24 News Update

बीएलओ को सर्वे के दबाव में ब्रेन हेमरेज, अस्पताल में भर्ती; परिजनों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया

Advertisements

24 News Update रीवा। रीवा जिले में सोमवार को एसआईआर सर्वे के दौरान एक बीएलओ की हालत अचानक बिगड़ गई। सर्वे कार्य में तैनात सहायक शिक्षक विजय पांडेय को तेज सिरदर्द और बेहोशी की स्थिति में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और अधिकारियों के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुष्पराज नगर शाला में पदस्थ विजय पांडेय पिछले कई दिनों से लगातार एसआईआर सर्वे में लगे हुए थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें दो दिन से तेज बुखार था, जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद सर्वे पूरा करने का दबाव लगातार बनाया जाता रहा।
बीएलओ विजय पांडेय ने बताया कि शनिवार और रविवार को तेज बुखार होने के बावजूद उन्हें सर्वे पर जाना पड़ रहा था। सोमवार सुबह सिर में अचानक तेज दर्द हुआ और चक्कर आने के बाद वे गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में ब्रेन हेमरेज सामने आया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल लाया जाना उनके लिए राहत साबित हुआ। परिजनों का आरोप है कि बीमारी की सूचना देने के बावजूद अधिकारियों ने न तो आराम की अनुमति दी और न ही कार्य से राहत। लगातार दबाव और मानसिक तनाव के कारण उनकी हालत और बिगड़ती चली गई। परिवार ने नोडल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं कि बीमार कर्मचारी को ड्यूटी से राहत क्यों नहीं दी गई? स्थानीय शिक्षकों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Exit mobile version