24 News update जैसलमेर। जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। खेत में काम करने आए मजदूर ने ही अपने मालिक की हत्या कर शव को पानी की डिग्गी में फेंक दिया था।
डिग्गी में मिला शव, परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 4 जुलाई को मोहनगढ़ थाने में भीखाराम विश्नोई निवासी बांकलसर ने रिपोर्ट दी थी कि उसका चचेरा भाई भजनलाल विश्नोई (जो 14 आरडी पर कृषि कार्य करता था) 2 जुलाई को मजदूर सुनील कुमार विश्नोई को खेत पर काम के लिए लाया था।
3 जुलाई की शाम 5:30 बजे भजनलाल का शव खेत की पानी की डिग्गी में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
तेजी से जुटी पुलिस, तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची
हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर चौधरी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एएसपी प्रवीण कुमार, सीओ गजेंद्र सिंह चंपावत, थानाधिकारी नाथुसिंह, और नाचना थानाधिकारी भुटाराम के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर तफ्तीश शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मजदूर सुनील कुमार पुत्र देरामराम विश्नोई (35) निवासी गोदारों की ढाणी, गांधव को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
हत्या के कारणों की पड़ताल जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से इस जघन्य हत्या के पीछे के कारण और किसी अन्य की संलिप्तता को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में
एसएचओ नाथु सिंह, एएसआई जालम सिंह, देवी सिंह, हैड कांस्टेबल मुल्तान सिंह, दिनेश कुमार, कांस्टेबल डूंगरदान, सुरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, मेहाराम, वली मोहम्मद, चेतराम और गुड़ामालानी थाने से कांस्टेबल लिच्छाराम शामिल रहे।
एसपी सुधीर चौधरी ने पुलिस टीम के त्वरित और सटीक ऑपरेशन की सराहना की है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.