Site icon 24 News Update

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा का उदयपुर देहात में ऐतिहासिक स्वागत, 351 किलो की माला, ढोल-नगाड़े और पुष्प वर्षा के बीच युवाओं को विकास का संदेश

Advertisements

24 News Updatye उदयपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा का उदयपुर देहात में प्रथम आगमन पर भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। देबारी स्थित घाटा वाला माताजी मंदिर परिसर में देहात भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 351 किलो की विशाल माला पहनाकर, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जेसीबी से पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भाजपा और युवा मोर्चा के नारों से गूंज उठा।
स्वागत समारोह का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, जिला महामंत्री कन्हैयालाल मीणा, ललित सिंह सिसोदिया, जितेंद्र सिंह शक्तावत और यशवंत पुरोहित ने किया। बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस आयोजन में मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, रोजगार और अवसरों की ऐतिहासिक सौगात दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा वर्ष 2026 का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है, जिसमें एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियों का स्पष्ट और समयबद्ध रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

गौरा ने कहा कि यह भर्ती कैलेंडर 44 भर्ती परीक्षाओं का सुनिश्चित कार्यक्रम है, जिससे युवाओं को बिना किसी असमंजस, अतिरिक्त खर्च या परेशानी के पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिल सकेगी। यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन प्रणाली का सशक्त प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 92 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगतिरत है। इस दौरान 296 भर्ती परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित की गईं, जो पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल की अव्यवस्था और भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि उन्हें कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से भी जोड़ रही है। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश में 3 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं, जिन्हें सरकार की ओर से वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है।

शंकर गौरा ने खेल एवं युवा मामलों के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का सफल आयोजन, जिला स्तर पर खेल अधोसंरचना का विकास, खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, बीमा सुरक्षा, आरक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किया गया है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार ही युवाओं की पहचान बन चुके थे। उस समय बेरोजगारी दर 26 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जबकि भाजपा सरकार के सुशासन में यह घटकर 7.4 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज आंतरिक फूट, मुद्दाविहीन राजनीति और अनर्गल बयानबाजी तक सीमित रह गई है, जबकि भाजपा सरकार विकास, रोजगार और युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

गौरा ने कहा कि जहां कांग्रेस की गहलोत सरकार होटल से सरकार चलाने के लिए जानी गई, वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनता के बीच रहकर दिन-रात राजस्थान के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में राजस्थान एक बार फिर विकास, विश्वास और युवाशक्ति का प्रदेश बनकर उभर रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पारदर्शी शासन, मजबूत नीतियों और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर राजस्थान आने वाले समय में रोजगार और आर्थिक प्रगति का मॉडल राज्य बनेगा।

इस अवसर पर भाजपा डबोक मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह राव, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मुकुल मेहता, हरिसिंह चुंडावत सहित भाजपा एवं भाजयुमो के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version