गोगुंदा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत भाजपा गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के गोगुंदा, सायरा और नानदेशमा मंडलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को रावलिया स्थित जैन समाज के सामुदायिक भवन में शुरू हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन विधायक प्रताप लाल गमेती और भाजपा उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत वर्ग गीत और वंदे मातरम के साथ हुई।
पहले दिन आयोजित तीन सत्रों में जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने भाजपा का इतिहास और विकास, विधायक प्रताप लाल गमेती ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह असोलिया ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि जनसंघ से लेकर जनता पार्टी और 1980 में भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक पार्टी की यात्रा व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की रही है। उन्होंने कहा कि असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर कार्यकर्ता का लक्ष्य विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है।
विधायक प्रताप लाल गमेती ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में गरीब, महिला, किसान और युवाओं के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।
वर्गाधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि रविवार को प्रातः 5:30 बजे जागरण और शाखा के बाद पांच सत्रों में विभिन्न वक्ताओं का मार्गदर्शन होगा। प्रशिक्षण सत्र का समापन रविवार शाम 5 बजे किया जाएगा।
इस दौरान गोगुंदा प्रधान सुंदर देवी, सायरा प्रधान सवाराम, जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, वक्ता नरेंद्र सिंह असोलिया, पप्पू राणा भील, नाहर सिंह देवड़ा, उपप्रधान लक्ष्मण सिंह जाला, मंडल अध्यक्ष नवल सिंह राजपूत, गोगुंदा मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी, सायरा मंडल अध्यक्ष करण जोशी, शिविर प्रभारी डी.सी. मेघवाल, दयालाल चौधरी, लक्ष्मण सिंह राव, दिनेश सेन सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

