24 News Update बीकानेर। बीकानेर शहर के सामरिक महत्व, पर्यटन संभावनाओं और यात्री भार को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत 471 करोड़ रुपये की लागत से बीकानेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है, जिसमें स्थानीय कला, विरासत और आधुनिकता का सुंदर समावेश किया जा रहा है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण ने बताया कि महाप्रबंधक श्री अमिताभ के निर्देशानुसार बीकानेर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य ने गति पकड़ ली है। स्टेशन के मुख्य एवं द्वितीय प्रवेश द्वारों पर भूतल सहित नौ मंजिला नई बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। मुख्य प्रवेश पर 26,000 वर्ग मीटर और द्वितीय प्रवेश पर 17,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिल्डिंग तैयार होगी। वर्तमान में द्वितीय प्रवेश भवन का फाउंडेशन कार्य प्रगति पर है, वहीं बारात घर का फाउंडेशन व स्ट्रक्चर कार्य पूर्ण हो चुका है। ऑडिटोरियम और स्टाफ क्वार्टर्स के लिए भी फाउंडेशन कार्य जारी है।
स्टेशन परिसर में 16,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया व सड़क, तथा 15,000 वर्ग मीटर में पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए 36 मीटर चौड़ा (3530 वर्ग मीटर) एयर कॉनकोर्स एरिया बनाया जा रहा है, जो सभी प्लेटफार्मों व दोनों प्रवेश द्वारों को जोड़ेगा। इस कॉनकोर्स में वाणिज्यिक दुकानें, कैफेटेरिया, एग्जीक्यूटिव लाउंज, फूड कोर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र और वेटिंग हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।
यात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशन पर 41 लिफ्ट और 24 एस्केलेटर लगाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 1700 व 1475 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के दो नए फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। प्लेटफार्मों पर 16,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में शेल्टर कार्य किया जाएगा।
नए स्टेशन भवन में आगमन और प्रस्थान हेतु अलग प्रवेश-निकास द्वार, एयर कॉनकोर्स, स्काई वॉक, कवर्ड प्लेटफार्म, लिफ्ट-एस्केलेटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, आधुनिक वेटिंग रूम, एग्जीक्यूटिव लाउंज, फूड कोर्ट और उन्नत लाइटिंग व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल की जा रही हैं। दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, पर्याप्त पार्किंग, संकेतक, स्वच्छ शौचालय, बेगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर, कोच गाइडेंस बोर्ड व ट्रेन इंडिकेटर भी लगाए जाएंगे।
ऊर्जा दक्षता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर विकसित किया जा रहा है। परिसर में 1200 केवीए क्षमता के सोलर पैनल लगाए गए हैं, साथ ही कचरा प्रसंस्करण, वर्षा जल संचयन और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं भी स्थापित की जा रही हैं।
बीकानेर स्टेशन को आगामी 50 वर्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर पुनर्विकसित किया जा रहा है। स्टेशन की दैनिक यात्री क्षमता लगभग 80,000 के अनुसार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति पर है ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय रेल अनुभव मिल सके।
इस परियोजना के पूर्ण होने पर न केवल स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन विकास और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।
बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य ने पकड़ी रफ्तार, स्टेशन बिल्डिंग का फाउंडेशन वर्क प्रगति पर, 471 करोड़ रुपये की लागत से स्थानीय कला व आधुनिकता का समावेश

Advertisements
