Site icon 24 News Update

सावधान! पेपर लीक के नाम पर फर्जी टेलीग्राम ID से ठगी, छात्रों से पुलिस की अपील

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान पुलिस ने सभी प्रतियोगी विद्यार्थियों को चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर “ROHIT SIR” (@ROHIT_SIRJI) नाम से एक फर्जी आईडी सक्रिय है, जो “एग्जाम पेपर लीक” के नाम पर विद्यार्थियों से ठगी कर रही है। पुलिस के अनुसार यह फर्जी आईडी विद्यार्थियों को परीक्षा प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 15,000 रुपये तक की धोखाधड़ी कर रही है। यह पूरी तरह से साइबर फ्रॉड का मामला है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भ्रमित कर आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान में सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण सुरक्षा एवं गोपनीयता के साथ आयोजित की जाती हैं तथा किसी भी प्रकार का पेपर लीक खरीदना, बेचना या साझा करना कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है। राजस्थान पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान टेलीग्राम आईडी, ग्रुप या सोशल मीडिया अकाउंट पर भरोसा न करें और “पेपर लीक” के नाम पर किसी को भी पैसे न दें। केवल अपनी मेहनत और सही तैयारी पर विश्वास रखें। पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी को इस प्रकार की संदिग्ध आईडी या गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें, ताकि ऐसे साइबर ठगों पर कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version