Site icon 24 News Update

BCCI का बड़ा फैसला: KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा के बीच IPL खेलने का हो रहा था विरोध

Advertisements

24 News Update नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शाहरुख खान की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने का निर्देश दिया है। यह फैसला बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर जारी हिंसा और देशभर में उठे विरोध के बीच लिया गया है।
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि हाल के दिनों में सामने आए घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फ्रेंचाइजी किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को शामिल करना चाहती है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में बीते 14 दिनों के दौरान तीन हिंदुओं की हत्या की खबरों के बाद रहमान के आईपीएल 2026 में खेलने का तीखा विरोध शुरू हो गया था। आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।

विरोध में किसने क्या कहा?
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने KKR के मालिक शाहरुख खान से मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था, “जब पूरा देश बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को लेकर गुस्से में है, तब शाहरुख खान को चाहिए कि वे उस बांग्लादेशी खिलाड़ी को अपनी टीम से हटा दें।” वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा का हवाला देते हुए शाहरुख खान से सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस देश में हिंदुओं की हत्या, घरों को जलाने और महिलाओं के साथ अत्याचार की खबरें सामने आ रही हों, वहां के खिलाड़ी को टीम में शामिल करना असंवेदनशीलता है। देवकीनंदन ठाकुर के अलावा धीरेंद्र शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी मुस्तफिजुर रहमान को KKR से हटाने की मांग की थी।

9.2 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्तफिजुर
KKR ने पिछले महीने अबूधाबी में हुए आईपीएल मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही वे आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे। पिछले सीजन में मुस्तफिजुर रहमान ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से तीन मैच खेले थे और चार विकेट लिए थे। दिल्ली ने उन्हें मिचेल स्टार्क की जगह 6 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था, क्योंकि स्टार्क वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारियों के चलते अंतिम लीग मैचों में उपलब्ध नहीं थे।

कौन हैं मुस्तफिजुर रहमान
मुस्तफिजुर रहमान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो अपनी कटर और स्लोअर गेंदों के लिए जाने जाते हैं। उनका जन्म 6 सितंबर 1995 को बांग्लादेश के सातारखिरा में हुआ था। उन्होंने 2015 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और उसी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट झटके थे। इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला। आईपीएल के अलावा वे बीपीएल और अन्य विदेशी टी-20 लीगों में भी हिस्सा लेते रहे हैं। इंजरी से कई बार वापसी करने वाले मुस्तफिजुर सीमित ओवरों के क्रिकेट में बांग्लादेश की गेंदबाजी इकाई के अहम सदस्य माने जाते हैं। डेथ ओवर्स में उनकी यॉर्कर और किफायती गेंदबाजी उनकी बड़ी ताकत रही है। मुस्तफिजुर के आईपीएल खेलने को लेकर विवाद के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने पुष्टि की है कि भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करेगी। इस दौरान तीन वनडे और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। BCB के क्रिकेट ऑपरेशंस प्रमुख शाहरीयार नफीस के मुताबिक, भारतीय टीम 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी। वनडे मुकाबले 1, 3 और 6 सितंबर को, जबकि टी-20 मैच 9, 12 और 13 सितंबर को खेले जाएंगे।

Exit mobile version