24 News Update डूंगरपुर। बीएपी के सामान्य वर्ग प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चुंडावत के डूंगरपुर जिले के करेलिया गांव स्थित आवास पर देर रात कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले फोन पर जान से मारने की धमकी दी और उसके कुछ घंटे बाद घर का गेट तोड़ दिया।
रात में हथियार लेकर पहुंचे हमलावर
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे दिग्विजय सिंह को वीरेंद्र सिंह चौहान नामक व्यक्ति का फोन आया। कॉल पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। रात करीब 11 बजे घर के बाहर अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर देखा कि एक कैम्पर वाहन ने घर का गेट तोड़ दिया था।
दिग्विजय सिंह के अनुसार, गाड़ी से वीरेंद्र सिंह हथियार लेकर उतरा और धमकाते हुए फायर किया। उसके साथ चार अन्य लोग भी मौजूद थे। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी आरोपी ने सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से धमकी दी थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर गेट तोड़ने और धमकी देने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, जांच के दौरान फायरिंग के प्रत्यक्ष सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
राजनीतिक विवाद की आशंका
पुलिस का कहना है कि मामला आपसी राजनीतिक रंजिश से जुड़ा हो सकता है। वहीं, दिग्विजय सिंह ने इसे जानलेवा साजिश बताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने भी देर रात हुई इस घटना को लेकर चिंता जताई और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

