Site icon 24 News Update

भीलवाड़ा में विवाहिता से रेप, पति और बच्चों को जान से मारने की दी धमकी

Advertisements

24 News update भीलवाड़ा. भीलवाड़ा में एक विवाहिता को काम का झांसा देकर रेप का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं पति और बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी। मामला शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। महिला और उसके पति ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि युवक ने उसे फोन कर फैक्ट्री में काम दिलवाने की बात करने के लिए मिलने बुलाया।

10-15 दिन से फोन कर मिलने बुलाया

मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। 33 साल की एक महिला ने थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाले यूनिफॉर्म निर्माता के एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

इस महिला ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वो पिछले ढाई तीन साल से इस व्यक्ति की यूनिफॉर्म फैक्ट्री में सिलाई का काम करती थी। कुछ समय पहले इसने यहां से काम छोड़ दिया। इसके बाद से पिछले 10-15 दिन से फैक्ट्री मालिक उसे लगातार फोन कर रहा है।

13 नवंबर को उसने सुबह फैक्ट्री बुलाया और यहां काम की बातचीत की। इसके बाद शाम को फिर उसने फोन किया और एक चौराहे पर बुलाया। यहां से ये व्यक्ति इसे कार में बैठाकर 100 फीट रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया।

महिला ने बताया कि इस घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इस व्यक्ति ने पीड़िता को कहा कि अब जब भी वो बुलाएगा तो उसे आना पड़ेगा।

पति के साथ थाने पहुंची महिला

यहां से इस व्यक्ति ने इसे कार में बैठाया और पांसल चौराहे पर छोड़कर रवाना हो गया। महिला घर पहुंची और पति को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया।दोनों ने प्रताप नगर थाने में इस व्यक्ति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है।

प्रताप नगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि एक महिला ने थाना क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ रेप, पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है। महिला की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है ओर जांच की जा रही है।

Exit mobile version