24 News Update जयपुर/बांसवाड़ा | बागीदौरा से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद बुधवार को जयपुर स्थित एसीबी कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कोर्ट ने इस मामले में शामिल विधायक के चचेरे भाई विजय पटेल को भी जेल भेजने का आदेश दिया है। इस मामले में विधायक के पीए रोहित मीणा से रिश्वत की राशि लेकर छिपाने वाले आरोपियों जसवंत उर्फ लक्ष्मण मीणा और जगराम को कोर्ट ने दो दिन की रिमांड पर भेजा है, जबकि ACB ने चार दिन की रिमांड की मांग की थी।
ACB का आरोप: विधायक जांच में नहीं दे रहे सहयोग
एसीबी ने कोर्ट में बताया कि विधायक पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उनके मोबाइल में कई अहम सबूत हैं, जिनके आधार पर उन्हें और गहराई से पूछताछ की जरूरत है।
एसीबी ने कहा कि विजय पटेल इस डील से जुड़ी कई अहम जानकारियों से अवगत है और विधायक और विजय को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ जरूरी है।
20 लाख में से 83 हजार रुपए गायब
एसीबी द्वारा बरामद 20 लाख रुपए से भरे बैग में 83 हजार रुपए कम पाए गए। अब यह जांच हो रही है कि यह रकम विधायक आवास में, रास्ते में, या किसी और स्थान पर निकाली गई।
जगराम और जसवंत बैग को पूरा बता रहे हैं, जबकि ACB को शक है कि पैसा रोहित, उसके मामा जसवंत या जगराम ने निकाला हो सकता है। रिश्वत की राशि लेकर भागा विधायक का निजी सहायक (PA) रोहित मीणा अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। एसीबी ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिशें दीं, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
विधायक जयकृष्ण पटेल रोहित के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं और गिरफ्तार आरोपियों को पहचानने से भी इनकार कर रहे हैं।
खनन घोटाले से जुड़ता नजर आ रहा मामला
एसीबी सूत्रों के अनुसार यह मामला खनन से जुड़ी जानकारी के आधार पर मांगी गई रिश्वत से संबंधित हो सकता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र से 700 किमी दूर स्थित खान के बारे में इतनी जानकारी कैसे मिली और क्या वह अकेले काम कर रहे थे या किसी के साथ मिलकर। ACB ने कोर्ट में कहा – विधायक सहयोग नहीं कर रहे, मोबाइल में सबूत, पीए रोहित मीणा फरार, 20 लाख में 83 हजार गायब, दो आरोपी दो दिन की रिमांड पर, पूछताछ जारी.
BAP विधायक जयकृष्ण पटेल जेल भेजे गए, एसीबी ने कोर्ट में कहा – सहयोग नहीं कर रहे, मोबाइल में कई सबूत

Advertisements
