उदयपुर, 25 फरवरी। सोशल मीडिया पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार फर्जी वीडियो (डीपफेक) वायरल करने के मामले में पुलिस थाना टीडी ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एआई जनरेट फेक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार एआई से तैयार फेक वीडियो, फोटो और ऑडियो के माध्यम से अपराध करने या समाज में भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा तथा वृत्ताधिकारी (गिर्वा) गोपाल चन्देल के सुपरविजन में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह (थाना टीडी) और साइबर एक्सपर्ट उपनिरीक्षक फेलीराम (थाना झाड़ोल) के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि आरोपी रामचन्द्र पुत्र केशुलाल, निवासी धावड़ी तलाई, जावर, थाना टीडी, जिला उदयपुर, ने एआई जनरेट फेक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 319(2), 352 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66C व 66D के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई में शामिल टीम
- देवेन्द्र सिंह, थानाधिकारी, टीडी
- नारायणलाल, सहायक उपनिरीक्षक
- कालूराम, सहायक उपनिरीक्षक
- सुरेन्द्र, कांस्टेबल (1020)
- गजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल (1026)

