Site icon 24 News Update

पत्रकार और देश के जाने-माने आरटीआई एक्टिविस्ट जयवंत भेरविया पर जानलेवा हमले का प्रयास

Advertisements

24 News update उदयपुर। शहर में बुधवार सुबह पत्रकार और देश के जाने माने आरटीआई एक्टिविस्ट जयवंत भेरविया पर जानलेवा हमले का प्रयास हुआ। भेरविया ने घटना के संबंध में थानाधिकारी सुखेर को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी साजिश की संभावना भी जताई है।
पीड़ित जयवंत भेरविया, निवासी महावीर नगर, न्यू भूपालपुरा, उदयपुर, ने बताया कि वे बुधवार सुबह लगभग 9ः15 बजे ऑर्बिट कॉम्प्लेक्स से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टैक्सी (वाहन रजिस्ट्रेशन संख्या आरजे 27 टीबी 0330) ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारने का प्रयास किया। उन्होंने टैक्सी का नंबर देखने के लिए अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई और उसका पीछा किया। भेरविया ने बताया कि टैक्सी चालक उनकी गली के पास मिराज मल्हार चौराहे पर रुका और गाड़ी की डिक्की से पाना निकालकर उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने समय रहते आरोपी के हाथ से पाना पकड़ लिया वरना अनहोनी हो जाती। अचानक शोर सुनकर उनके पिता और भाई मौके पर पहुंचे। भीड़ एकत्रित होते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरटीआई एक्टिविस्ट पत्रकार भेरविया ने बताया कि वे कई संवेदनशील मामलों में सूचना के अधिकार के जरिए खुलासे कर चुके हैं। ऐसे में यह हमला एक सोची-समझी साजिश भी हो सकता है। उन्होंने पुलिस से घटना को गंभीरता से लेकर आरोपी को गिरफ्तार करने और इस हमले के पीछे के कारणों की गहन जांच करने की मांग की है।

Exit mobile version