Site icon 24 News Update

दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर असम पुलिस की दबिश, मुख्यमंत्री की पत्नी की शिकायत के बाद कार्रवाई

Advertisements



24 News Update नई दिल्ली। नई दिल्ली में मंगलवार को सियासी हलचल उस समय तेज हो गई, जब असम पुलिस की टीम कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची। यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम दोपहर करीब बारह बजे दिल्ली स्थित खेड़ा के घर पहुंची, लेकिन उस समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस टीम उनके लौटने का इंतजार कर रही है और पूछताछ की तैयारी में जुटी है। इस दौरान दिल्ली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
दरअसल, दो दिन पहले पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उनके पास मिस्र, एंटीगा-बरबूडा और संयुक्त अरब अमीरात के पासपोर्ट हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
इस मामले पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पवन खेड़ा गुवाहाटी से चले गए थे और कानून अपना काम करेगा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने सोमवार को ही इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गौरतलब है कि असम में नौ अप्रैल को मतदान होना है और उसी दिन से पहले चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। ऐसे में इस कार्रवाई को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version