जयपुर, 29 नवम्बर। राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस विभाग के पाँच खिलाड़ियों को खेल कोटे के तहत विशेष पदोन्नति प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसके बाद ये पदोन्नतियाँ प्रभावी मानी जाएंगी।
चार उपनिरीक्षक बने निरीक्षक, एक प्लाटून कमांडर बनी कंपनी कमांडर
विशेष पदोन्नति पाने वालों में उपनिरीक्षक सुषमा शर्मा, पूजा, निधि शर्मा और सचिन को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं आरएसी में कार्यरत प्लाटून कमांडर मुस्कान मलिक को कंपनी कमांडर के पद पर पदोन्नति मिली है। ये सभी पदोन्नतियाँ वर्ष 2025–26 की संभावित रिक्तियों के विरुद्ध स्वीकृत की गई हैं।
एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के पदकवीर
– सुषमा शर्मा, निधि शर्मा, मुस्कान मलिक और सचिन ने 2022 में चीन में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीता था।
– पूजा ने ब्रिटेन में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती में कांस्य पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभा को उसका उचित सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “इन खिलाड़ियों ने अथक परिश्रम और लगन से प्रदेश और देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। यह पदोन्नति न सिर्फ उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान है, बल्कि आने वाले खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी रहेगी।”
कानूनी प्रावधानों के अनुसार पदोन्नति
ये पदोन्नतियाँ राजस्थान पुलिस अधीनस्थ सेवा नियम, 1989 के नियम 28(बी) तथा महानिदेशक पुलिस के स्थायी आदेश 7/2024 के तहत गठित समिति की अनुशंसा पर की गई हैं। एशियाई व कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अगले पद पर विशेष पदोन्नति का प्रावधान है। उप महानिरीक्षक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) द्वारा भेजे गए प्रस्तावों की रिवॉर्ड कमेटी ने गहन परीक्षण के बाद स्वीकृति की अनुशंसा की थी।

