24 न्यूज अपडेट, चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। शंभूपुरा थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने बाइक के एयर क्लीनर में छुपाकर ले जाई जा रही 2.70 किलो अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी इस खेप को मध्यप्रदेश से जोधपुर ले जाने की फिराक में थे।
एएनटीएफ को पहले से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक पर अवैध मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाले हैं। इसी आधार पर टीम ने अरनोदा-गिलूंड रोड पर सादा कपड़ों में नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध हुलिए की बाइक नजर आई, जिसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी तेजी से भाग निकले।
टीम ने तुरंत पीछा किया। कुछ दूरी पर आरोपियों ने बाइक सड़क किनारे छोड़ दी और खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन एएनटीएफ के जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम दास (58) पुत्र रामदास बैरागी और बंशीलाल (22) पुत्र सुंदरलाल नायक, निवासी नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अफीम को बाइक के एयर क्लीनर में बड़ी चतुराई से छुपा रखा था, ताकि जांच के दौरान आसानी से पकड़े न जाएं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.70 किलो अफीम बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
बाइक के एयर क्लीनर में छुपाकर ले जा रहे थे अफीम, एएनटीएफ ने 2.70 किलो मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर दबोचे

Advertisements
