24 news update उदयपुर। इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रोनॉमी, उदयपुर चैप्टर की वार्षिक कोर कमेटी बैठक का आयोजन बुधवार को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के राजस्थान कॉलेज ऑफ एग्रिकल्चर के कृषि विज्ञान (एग्रोनॉमी) विभाग में किया गया। बैठक की अध्यक्षता उदयपुर चैप्टर के अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जगदीश चौधरी ने की। इस अवसर पर सचिव एवं कोषाध्यक्ष डॉ. हरीश सुमारिया, पूर्व बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट सदस्य डॉ. आर.सी. तिवारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. डी.डी. शर्मा, डॉ. जी.एल. शर्मा, डॉ. पी.सी. चपलोत, डॉ. पी.पी. जानी, डॉ. हरि सिंह सहित विभाग के सभी प्राध्यापक, शोधार्थी, M.Sc. एवं Ph.D. विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
गत वर्ष की उपलब्धियों की सराहना
बैठक में पिछले वर्ष के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से एग्रोनॉमी एप्टीट्यूड टेस्ट, लाइब्रेरी नवीनीकरण, गर्ल्स कॉमन रूम का निर्माण, इंटरनेट कनेक्टिविटी विस्तार, और प्रयोगशाला कार्यों को महत्वपूर्ण उपलब्धि मानते हुए सभी सदस्यों ने इन प्रयासों की सराहना की। बैठक में आने वाले वर्ष के लिए कई योजनाओं पर सर्वसम्मति बनी। इनमें विभाग के सेमिनार हॉल में एसी लगाने, वर्ष में दो बार बैठकें आयोजित करने, विद्यार्थियों के लिए वन भ्रमण और प्रैक्टिकल नॉलेज आधारित गतिविधियाँ आयोजित करने, एग्रोनॉमी एप्टीट्यूड टेस्ट का पुनः आयोजन, रिसर्च स्किल्स डेवलपमेंट वर्कशॉप, इंटरनेशनल जर्नल्स में रिसर्च पेपर राइटिंग सेमिनार, तथा विभाग की वार्षिक डिजिटल पत्रिका प्रकाशित करने जैसे बिंदु शामिल हैं।
किसानों और विद्यार्थियों के हित में ठोस कदम
बैठक के समापन पर यह निर्णय लिया गया कि आगामी समय में विभागीय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और किसानों के हित में ठोस व उपयोगी कदम उठाए जाएंगे। विभाग के समग्र विकास और अनुसंधान गतिविधियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
इंडियन सोसाइटी ऑफ एग्रोनॉमी, उदयपुर चैप्टर की वार्षिक कोर कमेटी बैठक सम्पन्न

Advertisements
