24 News Update प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान संतुलन खो बैठा और शहर के बीचों-बीच स्थित तालाब में जा गिरा। हादसा माघ मेला क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर हुआ। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दोनों पायलट समय रहते पैराशूट के जरिए बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एयरक्राफ्ट हवा में अचानक डगमगाने लगा। कुछ ही सेकेंड में वह नीचे की ओर आया और केपी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब में गिर गया। हादसे का स्थान घनी आबादी वाला इलाका है, जहां आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां मौजूद हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्रैश से पहले दोनों पायलट पैराशूट से कूदते नजर आए। वे तालाब में उतरते ही दलदली इलाके में फंस गए थे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिस तालाब में विमान गिरा है, वहां चारों ओर घनी जलकुंभी फैली हुई है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। हादसे के बाद सेना, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
डिफेंस विंग कमांडर के PRO देबार्थों धर ने बताया कि यह माइक्रोलाइट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जिसने दोपहर करीब 12:15 बजे बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। उड़ान के तुरंत बाद इसमें तकनीकी खराबी आ गई।
उन्होंने कहा कि पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को आबादी से दूर ले जाने की कोशिश की, जिससे किसी भी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके को घेरकर जांच में जुटी हैं और दुर्घटनाग्रस्त विमान को तालाब से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है।

