Site icon 24 News Update

अजमेर पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: 24 घंटे में दो बड़ी कार्यवाहियां, अवैध पिस्टल और देशी कट्टे के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

Advertisements

AI Image

24 News Update जयपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेश भर में वांछित अपराधियों और अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में गांधीनगर और रामगंज थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में अवैध हथियारों की तस्करी और परिवहन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार बरामद किए हैं।

चकला मार्केट के पास देशी कट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार
सहायक पुलिस अधीक्षक किशनगढ़ शहर डॉ. अजेय सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी गांधीनगर संजय शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम और साइबर सेल अजमेर ने संयुक्त कार्यवाही को अंजाम दिया। मंगलवार को गश्त और चेकिंग के दौरान सर्विस लेन चकला मार्केट के आगे संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार इकबाल पुत्र कयूम अली निवासी मोरडा, जयपुर ग्रामीण को रोका गया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसटी और रामगंज पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर में दबोचा पिस्टलधारी
दूसरी बड़ी कार्यवाही जिला स्पेशल टीम और रामगंज थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड के निर्देशन में गठित टीम को डीएसटी कांस्टेबल कालूराम गुर्जर के माध्यम से पुख्ता सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में अवैध हथियार की डिलीवरी होने वाली है।
थानाधिकारी रामगंज अनिल गुजराल के नेतृत्व में सूचना पर सादा वस्त्रों में निगरानी रखी गई और गोल्ड सुख के पीछे सुनसान स्थान पर घेराबंदी कर अनवर (26) निवासी सोमलपुर थाना रामगंज नामक संदिग्ध को चेक किया गया। तलाशी में उसकी पैंट की बेल्ट में खोंसी हुई एक अवैध देशी पिस्टल मैगजीन सहित बरामद हुई।
पुलिस अब इस बात का अनुसंधान कर रही है कि इन हथियारों की सप्लाई चैन कहां से जुड़ी है और इनका उपयोग किस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

Exit mobile version