- लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे 14 गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी अशोक
AI Image
24 News Update जयपुर। महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के विशेष निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीनगर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहे शातिर हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी अशोक जाट को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यह पूरी कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं पुलिस उप अधीक्षक नसीराबाद कृष्ण कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थानाधिकारी पारूल यादव के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपी अशोक पुत्र जगदीश प्रसाद जाट (31) निवासी बिन्दायका जयपुर साल 2014 के एक जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
आरोपी अशोक जयपुर के बिन्दायका थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लंबे समय से तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के माध्यम से तलाश कर रही थी। इसके विरुद्ध जयपुर, अजमेर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 14 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी ने साल 2014 में ही कई वारदातों को अंजाम दिया था और तब से लेकर वह लगातार अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहा। वर्तमान में इसके विरुद्ध दर्ज सभी मामले विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं।

