24 News Update उदयपुर। गोगुंदा क्षेत्र में पुलिस ने पेट्रोल में केमिकल मिलाकर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गोगुंदा हाईवे पर खोखरियां की नाल सुरंग के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने पेट्रोल टैंकर में मिलावट करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया।
कार्रवाई गोपाल चंदेल, उपाधीक्षक पुलिस गिर्वा के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे पर स्थित बालाजी होटल के पास पेट्रोल टैंकरों में संदिग्ध केमिकल मिलाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान सामने आया कि जियो कंपनी का एक पेट्रोल टैंकर जामनगर से प्रतापगढ़ जा रहा था, जिसमें दो लोग पानी जैसे दिखने वाले केमिकल की मिलावट कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से टैंकर और एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को होटल से करीब 200 मीटर दूर हाईवे की पुलिया के नीचे और पास के एक मकान में बड़ी मात्रा में संदिग्ध केमिकल मिला। आरोपियों ने यहां 80 से अधिक ड्रमों में केमिकल छिपा रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
सूचना पर जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर भी मौके पर पहुंचे और केमिकल के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए। पुलिस ने मामले में टैंकर चालक विसना राम और उसके साथी प्रकाश मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं होटल संचालक सुरेश विश्नोई मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गोपाल चंदेल ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि केमिकल कहां से लाया जा रहा था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूछताछ के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े बड़े गिरोह के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
गोगुंदा हाईवे पर मिलावटी पेट्रोल का भंडाफोड़, टैंकर में केमिकल मिलाते दो गिरफ्तार

Advertisements
