24 News Update निम्बाहेडा़ – राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केली में प्रवेश उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, निंबाहेड़ा अरविन्द कुमार मूंदड़ा ने विद्यालय का अवलोकन कर शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सम्बल प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।
विशेष रूप से कक्षा 12 की छात्रा चेतना शर्मा द्वारा 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर उनकी सराहना करते हुए मुख्य अतिथि ने छात्रा, प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टॉफ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यालय के अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम हैं।
विद्यालय स्टाफ ने आश्वस्त किया कि आगामी सत्र में भी योजनाबद्ध तरीके से अध्यापन कर विद्यार्थियों को और अधिक उत्कृष्ट परिणाम दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुआ।
निम्बाहेडा़ फोटो, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केली में नवप्रवेशी व प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए अतिथिगण।

