Site icon 24 News Update

मोहर्रम पर्व को लेकर शांति और कानून व्यवस्था हेतु प्रशासनिक बैठक आयोजित

Advertisements

24 News Update उदयपुर। मोहर्रम पर्व को लेकर शहर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने की, जबकि एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, एडीएम सिटी वार सिंह तथा एएसपी उमेश ओझा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में आगामी छड़ी और मोहर्रम जुलूस के दौरान यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, लाइटिंग व्यवस्था, अवरोध हटाना और अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया कि सिविल डिफेंस, चिकित्सा दल और अग्निशमन की टीमें मौके पर तैनात रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। बैठक में मुस्लिम समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया और उन्होंने प्रशासन को विश्वास दिलाया कि मोहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और परंपरागत सौहार्दपूर्ण माहौल में ही मनाया जाएगा।
इस अवसर पर मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारी, नगर निगम, विद्युत, जलदाय, यातायात, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने समाज के सहयोग से एक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मोहर्रम पर्व के आयोजन की आशा जताई है।

Exit mobile version