Site icon 24 News Update

24 से फतहसागर की पाल पर खिलेगा रंग-बिरंगे फूलों का संसार, शिल्पग्राम उत्सव के साथ भव्य पुष्प प्रदर्शनी, 4 जनवरी तक चलेगा फूलों का मेला

Advertisements

उदयपुर, 22 दिसंबर। शीत ऋतु में उदयपुर की खूबसूरती को और निखारने के लिए जिला प्रशासन एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की ओर से प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 दिसंबर से 4 जनवरी तक फतहसागर झील की पाल पर भव्य पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शिल्पग्राम उत्सव के समानांतर लगने वाला यह फूलों का मेला शहरवासियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगा।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ 24 दिसंबर को अपराह्न 4 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचन्द कटारिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने जानकारी दी कि इस पुष्प प्रदर्शनी में उदयपुर के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थानों की सशक्त भागीदारी रहेगी। इनमें हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड, वंडर सीमेंट, मिराज ग्रुप, जी.बी.एच. अमेरिकन हॉस्पिटल, मेनकाइंड फार्मा, टेम्पसेन्स एंड पायरोटेक, रविन्द्र हेरस प्रा. लि., मेवाड़ पॉलिटेक्स ग्रुप, सिक्योर मीटर्स, गार्डन कॉर्नर एंड बोटनिकल कैफे, अरावली ग्रुप, फ्यूजन बिजनेस सोल्यूशन्स प्रा. लि., इराज इवोल्यूशन डिजाइन कंपनी प्रा. लि., वुडन स्ट्रीट, इकोन इंडस्ट्री, ब्ल्यू फॉस्फेट, आर.के. इवेंट सहित उद्यान विभाग (सा.नि.वि.) और नगर निगम शामिल हैं।

प्रदर्शनी में पोनसेटिया, गुलदावदी, ग्राफ्टेड (विदेशी) केक्टस, पिटूनिया, डायन्थस, पैंजी, छोटे गुलाब, लिलियम, एन्थूरियम, सक्यूलेंट, सजावटी गोभी, इम्पेशियन, जरबेरा, हाईब्रिड गुड़हल, बोनसाई सहित अनेक दुर्लभ और आकर्षक पौधों की प्रजातियां प्रदर्शित की जाएंगी।

पुष्प प्रदर्शनी के विशेष आकर्षण के रूप में फूलों से सजा डोम, तितली (बटरफ्लाई), मोर, हिरण और अन्य जीवों की थीम आधारित आकृतियां, साथ ही सेल्फी पॉइंट्स तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा फतहसागर की पाल पर आकर्षक रंगीन लाइटिंग की जाएगी, जिससे शाम के समय झील का सौंदर्य और भी मनमोहक नजर आएगा।

प्रदर्शनी के दौरान एक ओपन स्टेज भी स्थापित किया जाएगा, जहां कलाकार माइक्रोफोन के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। यह आयोजन न केवल प्रकृति प्रेमियों बल्कि फोटोग्राफी, कला और संस्कृति में रुचि रखने वालों के लिए भी यादगार अनुभव साबित होगा।

Exit mobile version