Site icon 24 News Update

निर्माणाधीन मकान में चौकीदार की हैवानियत, नाबालिग से दुष्कर्म, जांच में तीन माह की गर्भवती निकली

Advertisements

24 News Update बांसवाड़ा। जिले के राजतालाब थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला अपराध सामने आया है, जहां एक निर्माणाधीन मकान की निगरानी में लगे चौकीदार ने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने वारदात के बाद बच्ची को जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर खामोश रहने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह घटना सितंबर माह की है। पीड़िता का छोटा भाई खेलते-खेलते पास के निर्माणाधीन मकान में चला गया था। भाई को वापस लाने के लिए जब बच्ची वहां पहुंची, तो मौके पर मौजूद चौकीदार ने उसे अकेला देखकर रोक लिया और जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकाया कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसकी जान ले लेगा और पूरे समाज में बदनामी कर देगा।
डर और लोक-लाज के चलते मासूम बच्ची करीब तीन महीने तक अपने साथ हुई दरिंदगी को दिल में दबाए रही। हालांकि 24 दिसंबर को जब आरोपी ने एक बार फिर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया, तो बच्ची हिम्मत जुटाकर घर पहुंची और अपने माता-पिता को पूरी आपबीती बता दी।
परिजनों ने तत्काल राजतालाब थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने पर परिजन और पुलिस दोनों स्तब्ध रह गए, क्योंकि नाबालिग बच्ची करीब तीन महीने की गर्भवती पाई गई।
राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर गंभीरता को देखते हुए आरोपी चौकीदार को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Exit mobile version