24 न्यूज अपडेट, भीलवाड़ा। राजस्थान में मंगलवार को बदले मौसम ने कहर बरपाया। चित्तौड़गढ़ जिले के साडास थाना क्षेत्र में आंधी और बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से महिला और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और महिला पास ही बैठी थी।
जानकारी के मुताबिक, तेज हवा और बारिश के कारण मगना भील के कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में शायरी उर्फ शांति (50) पत्नी मगना भील, सूरज (7) पुत्र सुरेश भील और राजू उर्फ रतन (12) पुत्र कैलाश भील दब गए। ग्रामीणों ने तीनों को तुरंत भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शायरी और सात वर्षीय सूरज को मृत घोषित कर दिया। घायल रतन का इलाज अस्पताल में जारी है। सूचना मिलने पर साडास थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और गांव में कमजोर व जर्जर मकानों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
चित्तौड़गढ़ में आंधी-तूफान से दीवार गिरी, महिला और मासूम की मौत

Advertisements
