24 News Update डूंगरपुर। डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के देवकी गांव में कच्चे मवेशी घर की दीवार ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से 21 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 3 बकरियां और दो लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा देवकी गांव निवासी मोगा पारगी के कच्चे केलुपोश मवेशी घर में हुआ। बताया गया कि मवेशी घर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय दीवार की आड़ में छाया में बैठी बकरियां और बाहर खड़े दो व्यक्ति मलबे की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत सत्तू की प्रशासक काली देवी, समाजसेवी शांतिलाल, ग्राम विकास अधिकारी नरेंद्र अहारी, पटवारी प्रवीण सिंह पंवार, पशु चिकित्सा विभाग के एलएसए सुभाष परमार और दोवड़ा थाना पुलिस से हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई और मौका पर्चा तैयार किया। मृत बकरियां मोगा पारगी के परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बकरियों की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान के आकलन और सहायता की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डूंगरपुर में दीवार ढहने से 21 बकरियों की मौत, दो लोग घायल

Advertisements
