Site icon 24 News Update

12वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रही छात्रा की हार्ट अटैक से मौत

Advertisements

24 News Update बांसवाड़ा। जिले के सज्जनगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रही छात्रा की रास्ते में ही तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। छात्रा अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सागवा गांव में यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार 12वीं की छात्रा पूजा कुमारी मीणा शनिवार सुबह अपनी सहेलियों के साथ परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ी।
धनपत सिंह, थानाधिकारी सज्जनगढ़ ने बताया कि छात्रा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सागवा की 12वीं कक्षा की छात्रा थी और उस दिन उसका कृषि विज्ञान का बोर्ड पेपर था। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। छात्रा मूल रूप से अरनोद, प्रतापगढ़ की निवासी थी और पिछले दो वर्षों से सागवा स्थित बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद उसकी सहेलियों, जिला परिषद सदस्य नरसिंह निनामा, स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों ने तुरंत उसे निजी वाहन से सरकारी अस्पताल सज्जनगढ़ पहुंचाया। इस दौरान छात्रावास वार्डन प्रियंका चरपोटा भी साथ रहीं। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार छात्रा के परिजन प्रतापगढ़ से पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना से स्कूल और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Exit mobile version