Site icon 24 News Update

सुरों की सरिता, सम्मान का सैलाब और ‘बड़े खाने’ में बॉस के हाथों लड्डुओं का जायका: आरपीए स्टेडियम में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस का भव्य समापन

Advertisements

जयपुर। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस समारोह का समापन गुरुवार शाम राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) स्टेडियम प्रांगण में एक यादगार और भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। सुरों, नृत्य और स्वाद के इस संगम ने पुलिस परिवार के साथ मौजूद अतिथियों को पूरी शाम मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजनों से हुई, जिसके बाद मंच पर लोक और फिल्मी संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध लोक कलाकार स्वरूप खान और उनकी टीम ने “केसरिया बालम” जैसे राजस्थानी गीतों से कार्यक्रम का आगाज किया।

इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार ने “रुक जाना नहीं” गाकर माहौल में प्रेरणा का संचार किया। वहीं डीआईजी डॉ. रवि के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज और उनकी टीम ने “ये माना मेरी जान” पर शानदार प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में मिताली गर्ग, हेड कांस्टेबल कुशल सिंह, अंतिम शर्मा और एएसपी डॉ. हेमंत जाखड़ सहित कई अधिकारियों ने “ओ रे पिया”, “लंबी जुदाई” और “कुछ ना कहो” जैसे गीतों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

डीजीपी का मानवीय अंदाज बना आकर्षण
समारोह का सबसे भावनात्मक क्षण वह रहा जब पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने स्वयं पुलिस परिवार के सदस्यों को अपने हाथों से भोजन परोसा। इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

संगीत, नृत्य और देशभक्ति का संगम
सांस्कृतिक संध्या में “लाखों हैं निगाह में”, “जानेजां”, “चुरा लिया है तुमने”, “सिलसिला ये चाहत का” जैसे गीतों ने तालियां बटोरीं। वहीं “संदेशे आते हैं” प्रस्तुति ने देश के वीर जवानों को भावपूर्ण नमन किया। लक्ष्मी और उनकी टीम के ऊर्जावान नृत्य ने वातावरण में नई ऊर्जा भर दी।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस बैंड की अनुशासित धुनों ने पूरे आयोजन को भव्य समापन प्रदान किया।

‘बड़ा खाना’ बना खास आकर्षण
समारोह के दौरान आयोजित बड़े खाने में विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द और उत्साह को और गहरा किया।

संचालन और उपस्थिति
पूरे कार्यक्रम का संचालन डीवाईएसपी दीपक जोशी और एसआई डॉ. महेश सोलंकी ने ऊर्जावान शैली में किया, जिससे कार्यक्रम लगातार जीवंत बना रहा।

इस अवसर पर पूर्व डीजीपी एमएल लाठर, वरिष्ठ अधिकारी, गृह विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार उपस्थित रहे।

Exit mobile version