24 News Update उदयपुर। उदयपुर में लापरवाही से वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ऑटो ने एक साइकिल सवार बच्चे को टक्कर मार दी। घटना प्रतापनगर थाना क्षेत्र के कालका माताजी रोड की है, जिसका पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ऑटो चालक तेज गति में लापरवाही से टर्न लेते हुए सड़क पार कर रहे बच्चे को जोरदार टक्कर मारता है और बिना रुके मौके से आगे निकल जाता है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे की मदद की, जबकि कुछ लोगों ने ऑटो का पीछा करने का भी प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, घायल बच्चा नाबालिग जैनिक जैन शाम करीब 6 बजे ट्यूशन से घर लौट रहा था और साइकिल चला रहा था। इसी दौरान अचानक आए ऑटो ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह साइकिल से उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, वहीं साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर लोग मौजूद होने से स्थिति और बिगड़ने से बच गई, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है और उन्होंने ऑटो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

