24 News Update बालोतरा। बुधवार देर रात करीब 1 बजे बालोतरा जिले के सिणधरी थाने के सड़ा गांव में एक भयानक सड़क हादसा हुआ। डाबड़ गांव निवासी मोहन सिंह (35), शंभू सिंह (20), पांचाराम (22) और प्रकाश (28) स्कॉर्पियो में सवार थे, जो ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो की बैटरी में विस्फोट हुआ और गाड़ी में आग फैल गई, जिससे चारों युवक जिंदा जल गए।
धड़कन हिला देने वाली बात यह है कि हादसे से केवल छह घंटे पहले ही दिलीप सिंह ने अपने मोबाइल पर जैसलमेर बस अग्निकांड की फोटो शेयर करते हुए स्टेटस लिखा था—“हादसे गवाह है… जिंदगी का कोई भरोसा नहीं।” वही दिलीप इस हादसे में गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें वहां से गुजर रहे एक ट्रक ड्राइवर ने बचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को करीब 100 मीटर तक घसीटा और गाड़ी का सेंट्रल लॉक बंद होने के कारण चारों युवक बाहर नहीं निकल पाए। फायर ब्रिगेड को सूचना के बावजूद मौके पर पहुँचने में लगभग दो घंटे लगे।
कलेक्टर बालोतरा सुशील कुमार यादव ने बताया कि घायल दिलीप सिंह का इलाज जोधपुर में चल रहा है। मृतकों के शव डीएनए जांच के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।

