Site icon 24 News Update

डूंगरपुर के जंगल में मिला लेपर्ड का क्षत-विक्षत शव – सिर और चारों पंजे काटे, शिकार की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, डूंगरपुर। आसपुर ब्लॉक के साबला वन क्षेत्र में एक मादा लेपर्ड का सिर और चारों पंजे कटे हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना माल गांव स्थित खंडेश्वर महादेव मंदिर के पास की है, जहां शनिवार को ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और तुरंत पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर वन विभाग और आसपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। टीम ने पाया कि शव कई दिन पुराना है और लेपर्ड के शरीर पर गहरे चोट के निशान भी हैं। अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में शिकार की आशंका जताई है।


सिर और पंजे काटे गए, शव भेजा गया उदयपुर
फॉरेस्टर चंद्रवीर सिंह ने बताया कि “लेपर्ड के शरीर पर कई जगह घाव और रक्तस्राव के निशान हैं, जिससे साफ है कि मौत स्वाभाविक नहीं हुई। किसी ने शिकार कर सिर और पंजे काट लिए हैं।”
वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर आसपुर फॉरेस्ट ऑफिस में रखा, जहां से उसे उदयपुर पशु चिकित्सा महाविद्यालय भेजा गया है। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसका पोस्टमॉर्टम करेगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लेपर्ड की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शिकारियों ने किस औजार से हमला किया।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, शिकारियों की तलाश शुरू
घटना के बाद साबला व आसपुर रेंज में वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है। आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
टीम ने मौके से पगचिह्न, बाल और जाल के अवशेष जैसे सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिकारियों का नेटवर्क स्थानीय स्तर पर सक्रिय हो सकता है, जिसे ट्रैक करने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी ने हाल ही में क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, गाड़ियों या गतिविधियों को देखा हो, तो तत्काल विभाग को सूचना दें।
लेपर्ड की हत्या ने न केवल वन्यजीव संरक्षण पर सवाल उठाए हैं, बल्कि क्षेत्र में अवैध शिकारियों की बढ़ती सक्रियता को भी उजागर किया है।

Exit mobile version